लगातार बदलते मौसम के बीच जिले में डायरिया का प्रकोप भी तेजी से बढने लगा है। सोमवार को दो मासूम समेत कुल चार डायरिया पीड़ित मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
टांडा थाना क्षेत्र के खानपुर गांव निवासी शिवमूरत के 8 वर्षीय पुत्र शशिकांत को सोमवार सुबह अचानक उल्टी दस्त शुरू हो गई। परिवारीजनों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
अकबरपुर थाना क्षेत्र के रसूलाबाद मोहल्ला निवासी शरफुद्दीन की 3 वर्षीय पुत्री रोजी को सोमवार प्रात: उल्टी दस्त शुरू हो गई। परिवारीजन उसे जिला अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि इसी बीच 2 वर्षीय पुत्री सुबीना को भी उल्टी दस्त शुरू हो गई।
दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के ककरडिला गांव निवासी रामलाल (32) पुत्र बृजभूषण सोमवार सुबह डायरिया की चपेट में आ गया। उसे परिवारीजनों ने तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया।