अंबेडकरनगर। अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र के चार प्रमुख ग्रामीण मार्गों के नवनिर्माण को मंजूरी मिल गई है। इन सड़कों के निर्माण पर कुल 3.98 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह स्वीकृति एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय के प्रस्ताव पर राज्य सड़क निधि योजना के तहत दी गई है।
इन सड़कों का निर्माण लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड की देखरेख में कराया जाएगा। विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि सड़कों की गुणवत्ता और मजबूती का विशेष ध्यान रखा जाए।
स्वीकृत परियोजनाओं में अमरोला का डढ़वा संपर्क मार्ग (126.16 लाख), भरहूपुर का हरिजन बस्ती मार्ग (113.45 लाख), जैनापुर का गुड़ियाना मार्ग (82.71 लाख) और कटुई का पहाड़पुर संपर्क मार्ग (76.50 लाख रुपये) शामिल हैं। एमएलसी ने बताया कि इन मार्गों के बनने से ग्रामीण कनेक्टिविटी मजबूत होगी। सड़कों के सुधरने से ग्रामीणों को स्कूल, बाजार और स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचने में समय की बचत होगी और परिवहन की समस्या दूर होगी।