अंबेडकरनगर। स्पॉन्सरशिप योजना के तहत जिले के 100 बच्चों की शैक्षिक प्रगति व देखभाल के लिए अब चार हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाने की तैयारी है। जिला प्रोबेशन विभाग ने इससे जुड़ी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
निराश्रित बच्चों की पढ़ाई जारी रखने और उनके इलाज समेत जरूरी देखभाल के लिए राज्य सरकार की ओर से स्पॉन्सरशिप योजना का संचालन किया जा रहा है। योजना के तहत पात्र बच्चों के अभिभावकों के खाते में प्रतिमाह चार हजार रुपये की राशि भेजे जाने का प्रावधान है।
यह राशि 18 वर्ष आयु वर्ग पूरा करने तक भेजी जाएगी। जिला प्राेबेशन कार्यालय के अनुसार, जिन बच्चों के माता-पिता या फिर इनमें से किसी एक का निधन हो गया हो, बच्चा दिव्यांग हो, उसके माता पिता या उनमें से कोई एक जेल में हो, बच्चे के माता पिता में से कोई एक या दोनों किसी गंभीर बीमारी से ग्रसित हों, बच्चा प्राकृतिक आपदा का शिकार हो अथवा बालश्रम से छुड़ाया गया हो। ऐसे ही बच्चों को योजना के तहत आर्थिक सहायता राशि दी जाती है।
जिला प्रोबेशन अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि योजना के तहत जिले को 100 बच्चों के चयन का लक्ष्य मिला था। लगभग सवा सौ आवेदन हुए थे। सत्यापन में 100 पात्र मिले। इनकी सूची शासन को भेज दी गई है। बजट जल्द ही उपलब्ध होने पर संबंधित बच्चे के अभिभावक के खाते में राशि भेज दी जाएगी।