अंबेडकरनगर। अलग-अलग थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में चार लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से एक को लखनऊ रेफर कर दिया गया। बाइक सवार घायलों ने हेलमेट नहीं लगाया था।
जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार पड़ोसी जनपद अयोध्या के गोशाईगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गोशाईगंज निवासी रामलौट (55) पुत्र गिरिजाशंकर रविवार सुबह बाइक से अकबरपुर जा रहा था। बताया जाता है कि अहिरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत कटेहरी बाजार के निकट तेज रफ्तार जीप ने उसे कुचल दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत की गंभीरता को देखते हुए वहां से लखनऊ रेफर कर दिया गया।
वहीं, मालीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खजुरी गांव निवासी बेचनराम (20) पुत्र बसई शनिवार देर शाम बाइक से मालीपुर से घर जाते समय गांव के निकट ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गया तो भीटी थाना क्षेत्र अंतर्गत भीटी निवासी राधिका (60) पत्नी शिवराज रविवार सुबह उस समय बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गई जब वह घर के निकट सड़क पार कर रही थी।
उधर, टांडा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत छज्जापुर निवासी प्रेमचंद्र (28) पुत्र गोविंद शनिवार देर शाम बाइक से टांडा से घर जाते समय मोहल्ले के निकट किसी तेज रफ्तार बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार बाइक सवार घायलों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।