अंबेडकरनगर। जिले में उर्वरक की बिक्री और उपलब्धता की जांच के लिए कृषि विभाग ने बृहस्पतिवार को 10 उर्वरक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चार दुकानें बंद मिलीं जबकि एक का लाइसेंस किसानों को बिल न देने पर निलंबित कर दिया गया। इसके अलावा नौ उर्वरकों के नमूने जांच के लिए गए हैं।
जिला कृषि अधिकारी अरविंद कुमार चौधरी ने बृहस्पतिवार को जलालपुर और मालीपुर में उर्वरक दुकानों का निरीक्षण करने पहुंचे। अधिकारियों को देख बाजार में अफरा-तफरी मच गई। अभिलेख व अन्य खामिया वाले दुकानदार अपनी दुकाने बंद कर भागने लंगे। निरीक्षण के दौरान विक्रान्त खाद भंडार जाफरगंज, यादव खाद भंडार मालीपुर, शिवम खाद भंडार गुआपाकड़ और शिवपूजन वर्मा की दुकानों को बंद मिलने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। किसानाें को खाद लेने पर बिल नहीं देने की शिकायत पर शर्मा खाद भंडार आलमपुर अखई का पंजीयन निलंबित कर दिया। कृषि उप निदेशक डॉ. अश्विनी कुमार सिंह ने बताया कि जुलाई माह में वितरण के बाद वर्तमान में सहकारिता और निजी क्षेत्र में संयुक्त रूप से 15,4480 क्विंटल यूरिया, 2,7490 क्विंटल डीएपी, 3,0160 क्विंटल एनपीके, 72080 क्विंटल एसएसपी और 1250 क्विंटल एमओपी उपलब्ध है। विभाग ने किसानों से उर्वरक लेने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य होने की जानकारी दी है।