टांडा ब्लॉक के भड़सारी गांव में विकास कार्यों के नाम पर जमकर धांधली हुई। पूर्व ग्राम प्रधान समेत चार लोगों की मिलीभगत से लाखों रुपये का वारा-न्यारा कर दिया गया। इसकी पुष्टि लोकपाल मनरेगा ने की है।
अब इन लोगों के खिलाफ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। सभी से सात दिन में जवाब मांगा गया है। जवाब न देने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। बीते दिनों भड़सारी गांव निवासी विनोद कुमार वर्मा ने लोकपाल मनरेेगा कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी।
आरोप लगाया था कि ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर पूर्व ग्राम प्रधान विद्यावती, तत्कालीन ग्राम पंचायत अधिकारी विनोद गुप्त, तकनीकी सहायक जितेन्द्र कुमार व रोजगार सेवक अरविन्द वर्मा की मिलीभगत से लाखों का वारा न्यारा किया गया है।
गांव में कोई विकास के कार्य नहीं दिख रहे हैं, लेकिन खाते से पैसा निकाल लिया गया है। शिकायत को संज्ञान में लेते हुए लोकपाल मनरेगा बिपिन कुमार सिंह ने जांच कराई। सामने आया कि ग्राम पंचायत में पुराने कार्य पर कूट रचित दस्तावेज तैयार कर मनरेगा धनराशि का गबन व दुरुपयोग किया गया है।
ऐसे में सभी लोग इस गबन के भागीदार हैं। ग्राम प्रधान सहित चारों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। सात दिन में जवाब न दिया गया तो मनरेगा प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।