अंबेडकरनगर। स्वतंत्रता दिवस व रक्षाबंधन पर्व के मौके पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन की टीम का जांच अभियान मंगलवार को भी जारी रहा। अलग-अलग क्षेत्रों में छापामारी कर पांच दुकानों से मिलावट के संदेह में छेना, लड्डू व बर्फी का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। चाट के लिए तैयार कर रखे गए 15 किलो आलू में गड़बड़ी पाए जाने पर नष्ट कराया गया।
बीते दिनों डीएम ने खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन की टीम को सघन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया था। मंगलवार को अभिहीत अधिकारी राजवंश श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम ने बसखारी बाजार स्थित राज स्वीट हाउस पर छापा मारा। यहां मिलावट के संदेह में बेसन के लड्डू का नमूना लिया। इसी बाजार में आनंद स्वीट हाउस से मिलावट के संदेह में छेना तो बाजार के पूर्वी चौराहे से दीपचंद्र की मिठाई की दुकान से भी छेना मिठाई का नमूना लिया।
नाऊनगर चौराहा स्थित संतराम की मिठाई की दुकान पर छापामारी में चॉकलेट बर्फी में मिलावट का संदेह हुआ। इस पर उसका भी नमूना लिया गया। आलापुर स्थित पंकज की मिठाई की दुकान से बर्फी का नमूना लिया गया। इसी दुकान पर चाट के लिए रखे आलू के दूषित पाए जाने पर 15 किग्रा आलू को नष्ट कराया गया। अभिहीत अधिकारी ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए भेज दिया गया। टीम में गुलाबचंद्र गुप्ता, भानुप्रताप सिंह, हंसराज प्रसाद, रतनाकर पाण्डेय व अखिलेश मौर्य शामिल रहे।