अंबेडकरनगर के शहजादपुर में स्वतंत्रता दिवस के पूर्व झंडे की खरीददारी करते छात्र व अभिभावक
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। इस बार स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त को ही रक्षाबंधन पर्व भी पड़ रहा है। इस तरह लोगों को एक साथ दोहरी खुशियां मिलने वाली हैं। इस दिन की तैयारियों में लोग पूरे उत्साह से जुटे हुए हैं। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों की छोटी-बड़ी बाजारों में जगह-जगह आकर्षक राखियों की दुकानें सज गई हैं। दुकानों पर राखी खरीदने के लिए बहनों के पहुंचने का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो जाता है जो देर शाम तक जारी रहता है। बच्चों में जहां डोरेमान व मोटू-पतलू राखी की मांग अधिक है, वहीं युवतियों व महिलाओं के बीच स्टोन राखी अपनी पैठ जमाए हुए है। चांदी की राखी की भी इस बार बहनें बढ़-चढ़कर खरीद रही हैं। इसके अलावा मिठाई की दुकानों पर भी भीड़ होने लगी है।
उधर, दुकानों पर तिरंगे, टोपी, बैनर व स्टीकर भी खूब बिक रहे हैं। स्वतंत्रता दिवस के लिए इन्हें खरीदने को लोगों की खूब भीड़ लग रही है। खासकर बच्चे अपने अभिभावकों के साथ पहुंचकर बड़े उत्साह से स्कूल में होने वाले कार्यक्रमों के लिए इनकी खरीदारी कर रहे हैं।
वहीं, शहजादपुर के राखी विक्रेता बब्लू राखी वाले कहा कि बच्चों के बीच डोरेमान व मोटू पतलू राखी पैठ बनाए हुए है तो वहीं स्टोन राखी महिलाओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इन राखियों की कीमत 25 रुपये से 250 रुपये तक है। इसके अलावा मोदी-योगी राखी भी अपनी पहचान बाजार में बनाए हुए है। रेशम के धागों की भी बढ़ चढ़कर खरीददारी की जा रही है। युवा सराफा व्यवसायी विशु सोनी ने बताया कि चांदी की राखी की भी खरीददारी इस बार बढ़ चढ़कर की जा रही है। 250 रुपये से साढ़े 300 रुपये तक में चांदी की राखी की बिक्री हो रही है।
पर्व के मद्देनजर राखी की दुकानों के साथ साथ मिठाई की दुकानें भी जगह जगह सज गई हैं। बेसन व मोती चूर के लड्डू के साथ साथ मिल्क केक व छेने की मिठाई की मांग इस वर्ष अधिक है। मिठाई विक्रेता बलवीर जायसवाल ने कहा कि विगत वर्ष के सापेक्ष मिठाई के दाम में विशेष वृद्धि नहीं हुई है। उपभोक्ताओं की मांग को देखते हुए लड्डू व छेने की मिठाई को तैयार कराया जा रहा है। सुनील गुप्ता ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस व राखी पर्व के चलते मिठाई की मांग बढ़ गई है।
जलालपुर तहसील क्षेत्र के शेखपुर राजकुमारी निवासी पंडित आदित्य नरायन मिश्र ने बताया कि गुरुवार को राखी बांधने का शुभ मुहूर्त सूर्योदय 5:32 से सुबह 8:01 तक बहुत अच्छा है। वैसे सूर्यास्त तक राखी बांधी जा सकती है, लेकिन सुबह के समय सबसे अच्छा योग है।