अंबेडकरनगर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में हुई धांधली के बीच अब राशनकार्ड में गड़बड़ी कर अनाज की कालाबाजारी किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। ग्रामीणों ने अपने परिवार के सदस्यों का दूसरे के राशनकार्ड में नाम दर्ज कर राशन लिए जाने व उसकी कालाबाजारी किए जाने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का आरोप है कि इसकी शिकायत कई बार जिम्मेदारों से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई अब तक नहीं की जा सकी है। नतीजा यह है कि कोटेदार की मनमानी लगातार जारी है।
मामला अकबरपुर तहसील अन्तर्गत रामपुर बनेथू का है। गौरतलब है कि बीते दिनों जलालपुर तहसील अन्तर्गत मुरवाह व कन्नूपुर में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में धांधली कर भूमिहीनों व छात्रों के नाम से खाता खुलवाकर लाखों रुपये का घोटाला किए जाने का मामला प्रकाश में आया था। मामले में बाद में ग्राम प्रधान व एक सरकारी शिक्षक के विरुद्ध उपकृषि निदेशक ने केस भी दर्ज कराया था। इस मामले की जांच अभी चल ही रही है कि इसी बीच अब राशनकार्ड घोटाला सामने आया है।
यह मामला अकबरपुर तहसील अन्तर्गत रामपुर बनेथू का है। बीते दिनों गांव निवासी विजयप्रताप सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा था कि कोटेदार ने विभाग के कर्मचारियों की मिलीभगत कर उनके परिवार के छह सदस्यों का नाम गांव की ही गेना देवी के राशनकार्ड में दर्ज करा दिया। इसके बाद प्रतिमाह संबंधित सदस्यों का राशन लेकर उसकी कालाबाजारी की जा रही है। उन्होंने इसकी शिकायत जिम्मेदारों से की, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
इस बीच अब गांव के ही गयाप्रसाद, रामबहादुर, रामसुरेश, रवींद्र बहादुर, शंभू कुमार, चक्रवती, प्रेमा देवी, गीता देवी, मिथिलेश, बुधना, भानुमती, अनिल कुमार, त्रिभुवन प्रजापति, अखिलेश गौड़ ने आरोप लगाते हुए कहा कि उनके राशनकार्ड में भी गड़बड़ी की गई है। राशनकार्ड में यूनिट अधिक है, लेकिन उन्हें आधा ही राशन दिया जाता है। शेष की कालाबाजारी कर ली जाती है। इसका जब विरोध किया जाता है, तो कोटेदार द्वारा उनके साथ अभद्रता की जाती है। बुधवार को ग्रामीणों ने गांव में प्रदर्शन कर मामले की जांच कराए जाने व कोटेदार व इसमें लिप्त होने वालों पर कार्रवाई की मांग की। उधर जिलापूर्ति अधिकारी ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। जांच कराई जाएगी। उधर कोटेदार मोहम्मद इदरीस ने आरोपों को मनगढ़ंत बताते हुए कहा कि जांच में सबकुछ सामने आ जाएगा।