अंबेडकरनगर। जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में बुजुर्ग समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत नाजुक देख प्राथमिक उपचार के बाद उसे केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के शहजादपुर निवासी रेहान (30) रविवार को सुबह बाइक से कलेक्ट्रेट की तरफ जा रहा था। इसी दौरान पटेलनगर तिराहे के निकट सामने से आ रही बाइक से उसकी टक्कर हो गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरी बाइक पर सवार अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के ही अरिया निवासी राकेश (28) को भी चोटें आईं। आननफानन ले जाकर दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर देख रेहान को प्राथमिक उपचार के बाद केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया।
अलीगंज थाना क्षेत्र के मखदूमनगर निवासी रमेश (40) सुबह बाइक से बाजार जाते समय गांव के निकट ही जीप की टक्कर लगने से घायल हो गया। अहिरौली थाना क्षेत्र के कटेहरी निवासी लालजी (32) सुबह बाइक से गोशाईगंज जाते समय खेमापुर मोड़ के निकट ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गया। बेवाना थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी हरिओम (65) सुबह उस समय बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गए, जब वह घर के निकट सड़क पार कर रहे थे। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि हादसे के शिकार हुए बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगाया था।