अंबेडकरनगर। यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए अकबरपुर बस स्टेशन में सितंबर माह के अंत तक पांच नई बसें शामिल होंगी। साथ ही नीलामी की सीमा पार कर चुकीं तीन बसें बेड़े से हट जाएंगी। इस बीच अब बेड़े में बसों की संख्या 56 से बढ़कर अब 58 हो जाएंगी।
बस से यात्रा करने वाले यात्रियों को समुचित सुविधा प्रदान करने के लिए परिवहन विभाग ने नए कदम उठाए हैं। नीलामी की सीमा पार कर चुकीं बसों को एक-एक कर बेड़े से हटाया जा रहा है तो उनके स्थान पर नई बसें बेड़े में शामिल हो रही हैं। इसी क्रम में नीलामी सीमा पार कर चुकीं तीन बस हटाने के लिए एआरएम कार्यालय द्वारा निदेशालय को पत्र भेज दिया गया है।
मालूम हो कि अकबरपुर बस स्टेशन के बेड़े में कुल 56 बसें हैं। इनमें तीन बस ऐसी हैं जो 11 वर्ष से अधिक समय के साथ ही 11 लाख किमी. की दूरी तय कर चुकी हैं। एआरएम कार्यालय के अनुसार तीन बस हटने के साथ ही पांच नई बसें बेड़े में शामिल होंगी। यह बसें सितंबर माह के अंत तक बेड़े में शामिल हो जाएंगी। जो पांच बस मिलेंगी वह तीन प्रमुख मार्ग पर चलेंगी।
दो बस अकबरपुर से टांडा होते हुए लखनऊ, दो बस अकबरपुर से अहिरौली होते हुए लखनऊ जबकि एक बस अकबरपुर से बस्ती होते हुए प्रयागराज जाएगी। इन्हीं रूटों पर यात्रियों का सबसे ज्यादा दबाव रहता है। ऐसे में इन रूट की सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है।
जल्द बेड़े में शामिल होंगी नई बसें
पांच नई बस शीघ्र ही बेड़े में शामिल होंगी जबकि नीलामी सीमा पार कर चुकीं तीन बसें बेड़े से हटेंगी। बेड़े बसों की संख्या 56 से बढ़कर 58 होने से यात्रियों को सफर में आसानी होगी। - सीवी राम, एआरएम