यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन आगामी 8 मार्च से जिले के 2 मूल्यांकन केंद्र पर होगा। विगत वर्ष मूल्यांकन के लिए तीन केंद्र बनाए गए थे। 4 लाख 75 हजार कापियों के मूल्यांकन के लिए 172 उपप्रधान परीक्षक, जबकि 1 हजार 719 परीक्षक की तैनाती की गई है। उधर डीआईओएस कार्यालय ने मूल्यांकन को लेकर सभी जरूरी तैयारियां पूर्ण कर लिए जाने का दावा किया है।
गौरतलब है कि गत 2 मार्च को यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं समाप्त हुई थीं। इसके बाद शासन ने मूल्यांकन की तैयारियां शुरू कर दी थीं। आगामी 8 मार्च से मूल्यांकन का कार्य प्रारंभ होगा। यह कार्य जिले के दो विद्यालय अकबरपुर नगर स्थित बीएन इंटर कॉलेज व डॉ. गणेशकृष्ण जेतली इंटर कॉलेज में होगा। विगत वर्ष इन दोनों के साथ ही सरदार पटेल स्मारक इंटर कॉलेज को भी मूल्यांकन केंद्र बनाया गया था, लेकिन इस बार उसे मूल्यांकन केंद्र नहीं बनाया गया है। सिर्फ दो केंद्रों पर 4 लाख 75 हजार उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा। इसके लिए दो केंद्र प्रभारी के अलावा 172 उपप्रधान परीक्षक व 1 हजार 719 परीक्षक की तैनाती की गई है।
बीएन इंटर कॉलेज मूल्यांकन केंद्र के प्रभारी व प्रधानाचार्य बिपिन सिंह ने बताया कि इस केंद्र पर इंटरमीडिएट की 2 लाख 25 हजार उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा। इसके लिए 67 उपप्रधान परीक्षक व 676 परीक्षक लगाए गए हैं। डॉ. गणेशकृष्ण जेतली इंटर कॉलेज के केंद्र प्रभारी व प्रधानाचार्य डॉ. विजय ने बताया कि इस केंद्र पर सिर्फ हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा। इसके लिए 105 उपप्रधान परीक्षक व 1 हजार 43 परीक्षक लगाए गए हैं। दोनों ही केंद्र प्रभारियों ने सकुशल रूप से मूल्यांकन कराए जाने की सभी तैयारियां पूर्ण कर लिए जाने का दावा किया है।
ई मेल पर आएगा तैनाती पत्र
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में लगाए गए परीक्षकों के उस ई मेल आईडी पर तैनाती पत्र आएगा, जिसके माध्यम से परीक्षकों ने बोर्ड की साइट पर मूल्यांकन करने के लिए आवेदन किया था। डीआईओएस विनोद सिंह ने कहा कि मूल्यांकन में लगे सभी परीक्षक संबंधित ई मेल से तैनाती पत्र डाउनलोड कर लें, जिससे मूल्यांकन के दौरान उनके समक्ष किसी भी प्रकार की समस्या न हो।
तैयारियां पूरी
आठ मार्च से बीएन इंटर कॉलेज व डॉ. गणेशकृष्ण जेतली इंटर कॉलेज में सुबह 10 बजे से मूल्यांकन का कार्य शुरू होगा। इसमें किसी भी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए सभी जरूरी प्रबंध पूर्ण कर लिए गए हैं। -विनोद सिंह, डीआईओएस