आलापुर। मसेना मिर्जापुर गांव में शुक्रवार को उस समय-अफरा तफरी मच गई, जब एक युवक ने फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद कोई व्यक्ति गोली का शिकार नहीं हुआ। जानकारी होते ही एसडीएम व सीओ भी पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए और जायजा लिया। अधिकारियों ने पुलिस को आरोपी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया।
मामला आलापुर थाना क्षेत्र के मसेना मिर्जापुर में भूमि विवाद से जुड़ा है। बारीडीह सिकंदरपुर निवासी ठकुरावती के अनुसार उन्होंने मसेना मिर्जापुर में कुछ वर्ष पूर्व एक भूखंड का बैनामा कराया था, जिस पर एक व्यक्ति द्वारा अवैध ढंग से कब्जा कर लिया। काफी प्रयास के बाद जब कब्जा नहीं हट सका तो पीड़िता ने एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर कब्जा हटवाने की मांग की। एसडीएम ने तहसीलदार को मौके की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का निर्देश दिया था।
ठकुरावती के अनुसार तहसीलदार ने राजस्व कर्मचारियों की मौजूदगी में मौके का मुआयना किया। पैमाइश की बात करने पर विपक्षी ने इसका विरोध शुरू कर दिया। इस पर वहां मौजूद राजस्व कर्मियों ने जानकारी दी कि विपक्षी बैंक का बकाएदार भी है, जिस पर सात लाख रुपए का कर्ज है। वह अब तक फरार चल रहा था। इस पर उसे तहसील लाकर हवालात में बंद कर दिया गया।
बाद में कुछ धनराशि जमा करने के बाद उसे जेल न भेजकर मुक्त कर दिया गया। इस बीच बताया जाता है कि संबंधित व्यक्ति शुक्रवार को मौके पर पहुंचा और हवाई फायरिंग कर दी। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर एसडीएम भरतलाल सरोज व सीओ जगदीश लाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक युवक फरार हो गया। अधिकारियों ने पुलिस को आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई का निर्देश दिया है।