महरुआ (अंबेडकरनगर)। भीटी तहसील क्षेत्र के गोइथा गांव में गेहूं के खेत में शनिवार दोपहर अचानक आग लग गई। हवा के चलते कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। नतीजा यह रहा कि बगल स्थित हीड़ी पकड़िया गांव तक आग की लपटें पहुंच गईं। इससे दोनों गांवों में हड़कंप मच गया। फायर कर्मियों को सूचना देने के साथ ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। इस बीच अकबरपुर से दो अग्निशमन वाहन भी मौके पर पहुंच गए। फायर कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से डेढ़ घंटे अथक प्रयास के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लगभग 100 बीघा गेहूं की फसल जल गई। इसमें लगभग 10 लाख रुपये की संपत्ति को नुकसान हुआ। इस बीच जानकारी होते ही एसडीएम भीटी भी राजस्व कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए।
गोइथा गांव में दोपहर में उस समय हड़कंप मच गया, जब गेहूं के खेत में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। यह देख ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। चीख पुकार पर बड़ी संख्या में किसान व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। फायर कर्मियों को जानकारी देने के साथ ही ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी। तेज हवा चलने से कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। तेजी से बढ़ती आग बगल स्थित गांव हीड़ी पकड़िया तक पहुंच गई।
इस पर हीड़ी पकड़िया के भी ग्रामीण खेत में लगी आग पर काबू करने के प्रयास में जुट गए। इस बीच फायर कर्मी भी दो अग्निशमन वाहन के साथ मौके पर पहुंच गए। फायर कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से जहां आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी, तो वहीं कुछ किसानों ने आग बढ़ने से रोकने के लिए ट्रैक्टर से खुद ही फसल की जुताई शुरू कर दी। डेढ़ घंटे के अथक प्रयास के बाद आग पर तो काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक दोनों गांवों की लगभग 100 बीघा गेहूं की फसल जलकर गई।
इनकी फसल को हुआ नुकसान
लेखपाल राजेश तिवारी ने बताया कि शनिवार को गोइथा व हीड़ी पकड़िया गांव में लगी आग से लगभग 100 बीघा गेहूं की फसल को नुकसान हुआ है। इसमें लगभग 10 लाख रुपये की संपत्ति को नुकसान हुआ है। बताया कि जिनकी फसल जली है , उसमें रोशन निषाद, सुरेंद्र निषाद, सियाराम निषाद, रामनवल, रामसुमन, सुनील सिंह, टिल्ठू, मंगली, मिंटू सिंह, नरेंद्र कुमार सिंह, कन्हैया निषाद, कमलावती, जंगली, भल्लर, भेलई, विनोद शर्मा समेत तीन दर्जन किसान शामिल हैं। किस किसान की कितनी फसल को नुकसान हुआ है, इसका आकलन किया जा रहा है।
कराया जा रहा नुकसान का आकलन
गोइथा व हीड़ी पकड़िया में लगी आग से लगभग सौ बीघा गेहूं की फसल को नुकसान हुआ है। इसमें लगभग तीन दर्जन किसान प्रभावित हुए हैं। राजस्व कर्मियों से नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। प्रभावितों को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा।
-दीपक वर्मा, एसडीएम