अंबेडकरनगर। कोतवाली क्षेत्र अकबरपुर के शहजादपुर लोहा मंडी स्थित पूजा पंडाल में बृहस्पतिवार शाम आग लग गई। बताया जाता है कि ऊपर से गुजर रहा बिजली का केबल अचानक पंडाल पर गिर पड़ा। इससे पंडाल धू-धूकर जलने लगा। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। तमाम निर्देश के बाद भी पूजा पंडाल के ऊपर से गुजरने वाले ढीले तारों को दुरुस्त करने को लेकर पावर कॉर्पोरेशन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इसी का नतीजा रहा कि बृहस्पतिवार को पूजा पंडाल में आग लग गई। मौजूदा समय में अकबरपुर नगर के शहजादपुर लोहा मंडी में तेजी से पूजा पंडाल के निर्माण का काम चल रहा है।
बृहस्पतिवार शाम भी भी काम चल रहा था। इसी बीच ऊपर से गुजर रहा केबल पंडाल के ऊपर गिर पड़ा। इससे पंडाल में आग लग गई। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। संयोग रहा कि इसकी चपेट में कोई व्यक्ति नहीं आया। बिजली कर्मियों को जानकारी देने के साथ ही फायर ब्रिगेड को बताया गया। मौके पर पहुंचे फायर कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाया। पूजा समिति से जुड़े अमित बंका ने बताया कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। अधिक नुकसान नहीं हुआ। संवाद