भीटी (अंबेडकरनगर)। जन्माष्टमी के दिन विवाहिता रेनू का शव घर में फंदे से लटका मिला था। पुलिस ने मृतका के भाई करीमन की तहरीर पर पति अर्जुन समेत आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी पति अर्जुन को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है।
करीमन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन रेनू की शादी वर्ष 2011 में महरुआ के गोपीपुर निवासी अर्जुन से हुई थी। दंपती के तीन बच्चे हैं। आरोप है कि अर्जुन ने रेनू को बिना बताए दूसरी शादी कर ली। यह शादी परिवार की सहमति से हुई थी। इसके बाद अर्जुन और उसकी दूसरी पत्नी शिवानी ने रेनू को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। अर्जुन के पिता डब्लू, मां इंद्रावती, भाई गुड्डू व निन्हकू तथा भाइयों की पत्नियों रीना और शीला भी प्रताड़ना में शामिल थे। इसी प्रताड़ना से परेशान होकर रेनू ने फांसी लगा ली।
रेनू की मौत की सूचना पर मायके पक्ष के लोग गोपीपुर पहुंचे। उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। काफी समझाने पर परिजन पोस्टमार्टम कराने को तैयार हुए। शनिवार शाम शव गांव पहुंचने पर मायके पक्ष ने फिर विरोध किया। उन्होंने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। रविवार को प्राथमिकी दर्ज होने और पति की गिरफ्तारी के बाद विरोध समाप्त हुआ। इसके बाद मृतका के शव का अंतिम संस्कार किया गया। थानाध्यक्ष दौमित्र सेन रावत ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई जारी।