अंबेडकरनगर। आलापुर के ग्राम विमावल में 50 यूकेलिप्टस के पेड़ काटे जाने के मामले में न्यायालय ने सख्त रुख अपनाते हुए प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया है। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट डॉ. धर्मेंद्र कुमार यादव ने थाना प्रभारी आलापुर को निर्देशित किया है कि मामले में एफआईआर दर्ज कर विवेचना की जाए।
ग्राम विमावल के गोपालजी उपाध्याय ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि उनकी पैतृक भूमि पर लगे लगभग 50 यूकेलिप्टस के पेड़ काटकर उठा लिए गए। इस मामले में रमाकांत, सोनू, मोनू व सुशीला को आरोपी बनाया है। पीड़ित ने बताया कि पूर्व में आलापुर में शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। न्यायालय ने नौ फरवरी को एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है।