अंबेडकरनगर। आलापुर तहसील क्षेत्र के मांझा कम्हरिया व कम्हरिया गांवों में सरयू नदी के बढ़ते जलस्तर ने एक बार फिर किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों से सटी नदी की धार के कारण कटान की आशंका गहराने लगी है।
बुधवार को सरयू नदी का जलस्तर 91.86 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से मात्र 87 सेंटीमीटर नीचे है। पिछले कुछ दिनों से लगातार जलस्तर में हो रही बढ़ोतरी ने किसानों को उनके खेतों की सुरक्षा को लेकर बेचैन कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो नदी की धार खेतों को अपनी चपेट में ले सकती है। बाढ़ खंड के जेई विकास चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि सरयू नदी का जलस्तर बढ़ा जरूर है, लेकिन यह फिलहाल खतरे के निशान से नीचे है। मांझा कम्हरिया क्षेत्र में कटान को रोकने के लिए ट्री स्पर का कार्य जारी है। स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।