आलापुर (अंबेडकरनगर)। शिक्षकों व शिक्षामित्रों के लिए ब्लॉक संसाधन केंद्र, रामनगर में संचालित पांच दिवसीय एफएलएन एवं एनसीईआरटी आधारित प्रशिक्षण के तीसरे दिन कक्षा एक, दो एवं तीन की दक्षताओं पर केंद्रित अभ्यास सत्र का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में पहले शिक्षक सीखेंगे, इसके बाद बच्चों को बेहतर तरीके से पढ़ाएंगे।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को कक्षाओं में पाठ्यक्रम आधारित दक्षताओं के संशोधित प्रारूप, प्रिंट-रिच सामग्री के प्रभावी प्रयोग, गणित शिक्षण की पद्धतियों, स्थानीय मान की अवधारणा एवं जोड़-घटाव के व्यावहारिक स्तरों पर कार्य करने की रणनीतियों से अवगत कराया गया। गणित विषय को बाल सुलभ विधियों के माध्यम से रुचिकर बनाने पर विशेष बल दिया गया। प्रशिक्षण में एआरपी विनय चतुर्वेदी, अभिषेक यादव, शैलेंद्र कुमार, ईशान श्रीवास्तव एवं त्रिशूलधारी पांडेय ने संदर्भदाता के रूप में प्रतिभागियों को बिंदुवार जानकारी दी। सभी शिक्षकों को गतिविधि-आधारित शिक्षण पद्धति अपनाने तथा सीखने के स्तर को कक्षा कक्ष में मापने के निर्देश दिए गए।