अंबेडकरनगर। गर्मी के जोर पकड़ने के साथ बिजली में फाॅल्ट आने की झड़ी लग गई है। शहर में अलग-अलग स्थानों पर केबल जलने, जंफर उड़ने और ट्रांसफार्मर का फेस जाने से घंटों बिजली गुल रही। दिन हो या रात करीब 30 से 40 बार ट्रिपिंग होने से उपभोक्ताओं की रातों की नींद और दिन का चैन उड़ गया है।
ग्रामीण क्षेत्रों का हाल तो और भी बुरा है। चंद घंटे भी लाइट मुश्किल से मिल रही है। करीब 200 गांवों की आबादी बिजली कटौती से बेहाल रही। विभाग की ओर से फाॅल्ट ठीक कराने के दावे तो किए जा रहे हैं, लेकिन ज्यादा देर तक आपूर्ति सुनिश्चित कराना संभव नहीं हो पा रहा है।
अकबरपुर के कृष्णा नगर कॉलोनी में बृहस्पतिवार शाम 6:00 बजे आपूर्ति बाधित हो गई। उपभोक्ताओं ने एसडीओ और बिजली कर्मियों को फोन किया, लेकिन किसी ने फोन उठाकर फाॅल्ट की जानकारी देना जरूरी नहीं समझा। शुभम सिंह ने बताया कि इस दौरान बिजली आपूर्ति रात एक बजे तक बाधित रही। यही समस्या बैरमपुर बरवा बिजली घर के शहरी उपभोक्ताओं को झेलनी पड़ी। रात 10 बजे अचानक लो-वोल्टेज की समस्या उत्पन्न हो गई। भीषण गर्मी में लोगों पंखे कूलर और एसी न चलने से बिलबिला उठे।
रात करीब 12.30 बजे बिजली कर्मियों को बुलाकर ट्रांसफार्मर का फेस सही कराकर जैसे-तैसे आपूर्ति सही कराई गई, लेकिन बनगांव रोड पर शुक्रवार को फाॅल्ट के कारण दिन में कई घंटों तक आपूर्ति ठप रही। रात करीब 11:00 बजे अकबरपुर बिजली घर के पास शहजादपुर और मारेला को जाने वाली 33 केवीए बिजली लाइन का जंपर उड़ जाने से शहर के अलावा करीब 50 गांवों की बिजली गुल हो गई। जानकारी होने अवर अभियंता अंकित राज ने मौके पर जाकर रात 12.30 बजे आपूर्ति बहाल कराई।
यहां भी रहा बिजली का संकट
महरुआ। महरुआ बाजार और उससे जुड़े 50 से अधिक गांवों में उपभोक्ताओं को रातभर परेशानी उठानी पड़ी। आदमपुर तिंदौली में रात में सप्लाई हाफ वोल्टेज पर चलती रही। न तो पंखे ठीक से चले, न ही इन्वर्टर चार्ज हो सके। (संवाद)
भीटी। भीटी उपकेंद्र के काही फीडर से जुड़े अढ़नपुर गांव में बीते तीन दिन से आपूर्ति पूरी तरह बंद है। यहां का ट्रांसफार्मर जल चुका है, जिसे अभी तक बदला नहीं गया है। (संवाद)
विद्युतनगर। टांडा के मुख्य फीडर संख्या एक से जुड़ा शहरी क्षेत्र रातभर ट्रिपिंग की चपेट में रहा। हर आधे घंटे में कटौती हुई। (संवाद)
जमुनीपुर। दल्लापुर फीडर से जुड़े 20–22 गांवों में बृहस्पतिवार की रात पूरी तरह से आपूर्ति ठप रही। न तो लाइट आई और न ही कोई विभागीय सूचना दी गई। (संवाद)
बसखारी। मकोइयां सबस्टेशन से संचालित छह प्रमुख फीडरों पर बृहस्पतिवार की रात ओवरलोड की स्थिति बनी रही। इन फीडरों से जुड़े 50 गांवों में बिजली बार-बार कटती रही। शुक्रवार को भी यह संकट खत्म नहीं हुआ। (संवाद)
जिन इलाकों में फाॅल्ट के कारण बिजली गुल रही है, वहीं टीम भेजकर दुरुस्त कराया जा रहा है। ट्रांसफार्मर बदलवाने और अन्य फाॅल्ट दूर करने का भी प्रयास किया जा रहा है।
- राजकुमार त्रिपाठी, अधीक्षण अभियंता