अंबेडकरनगर। बेवाना थाना क्षेत्र के नौगवां गांव में करंट से हुई किशोर की मौत के मामले में शुक्रवार को जब उसके पिता सऊदी अरब से लौटे तो परिजनों ने परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार किया। बीते दिन हुए हंगामे को देखते हुए मझुई घाट पर पुलिस की तैनाती रही। शव के अंतिम संस्कार के बाद पुलिस प्रशासन ने चैन की सांस ली।
21 अगस्त को गांव निवासी हदीशुल के घर बिजली का तार टूट गया था। हदीशुल उसे ठीक करने के लिए किशोर अमर को बुला कर ले गई थी। वह जाने को तैयार नहीं था, लेकिन कुछ लोग उसे जबरन साथ ले गए। वहां करंट की चपेट में आने से किशोर की मौत हो गई थी। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बृहस्पतिवार को शव को सड़क पर रख आक्रोशित लोगों ने जाम लगाकर जमकर बवाल किया था। आक्रोशित लोगों के सामने पुलिस मैन साधे रही।
पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी देर शाम तक लोगों को समझाते रहे, लेकिन परिजन किशोर के पिता जयप्रकाश के आने तक पाेस्टमॉर्टम के लिए शव देने को तैयार नहीं थे। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया तो चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमॉर्टम किया। प्रकरण के सीएम योगी आदित्यनाथ के संज्ञान में पहुंचने पर कटेहरी उपचुनाव प्रभारी जल शक्तिमंत्री स्वतंत्रदेव सिंह व जिले के प्रभारी मंत्री गिरीशचंद्र यादव ने गांव पहुंच सरकारी मदद दिलाई। इसके बाद मामला शांत हुआ था। शुक्रवार को शाम साढ़े पांच बजे किशोर के पिता जयप्रकाश गांव पहुंचे तो मझुई घाट पर पुलिस बल की तैनाती के बीच किशोर के शव का अंतिम संस्कार किया गया।