अंबेडकरनगर। जिले में यूरिया खाद की कोई कमी नहीं है। किसानों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। रबी फसल के लिए अब तक प्रस्तावित लक्ष्य 30 हजार 692 मीट्रिक टन यूरिया के सापेक्ष 29 हजार 429 मीट्रिक टन खाद उपलब्ध हो चुकी है। यह लक्ष्य के सापेक्ष करीब 96 प्रतिशत है। गत वर्ष की उपलब्धता इस अवधि तक 24 हजार 499 मीट्रिक टन ही थी। ऐसे में जिले को इस बार इस अवधि में करीब 20 प्रतिशत अधिक यूरिया उपलब्ध हुई है।
जिले की साधन सहकारी समितियों पर यूरिया को लेकर पहुंच रही भीड़ को देखते हुए कृषि अधिकारियों ने कहा है कि जिले में खाद का कोई संकट नहीं है। किसान कतई भंडारण करने या जरूरत से अधिक खाद लेने की तरफ ध्यान केंद्रित न करें। इस बीच अब जिला कृषि कार्यालय ने रबी फसल 2021-22 में उपलब्ध यूरिया खाद का विवरण उपलब्ध कराया है। जिला कृषि अधिकारी पीयूष राय का दावा है कि जिले में यूरिया की कहीं कोई कमी नही है। समितियों पर मांग के अनुसार तत्परता के साथ खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करायी जा रही है। बताया कि रबी फसल के लिए जनवरी तक जिले को प्रस्तावित लक्ष्य 30 हजार 692 एमटी यूरिया में से 15 जनवरी तक 29 हजार 429 एमटी खाद मिल चुकी है। यह लक्ष्य का करीब 96 प्रतिशत है।
मौजूदा समय में जिले के पास 3737 एमटी यूरिया स्टॉक में उपलब्ध है। बताया कि जिला प्रबंधक पीसीएफ को अवगत कराया गया है कि इफको की 1600 एमटी यूरिया अयोध्या रैक प्वाइंट पर प्राप्त हो गई है। उसकी आपूर्ति जिले की साधन सहकारी समितियों पर कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने किसानों को भागदौड़ करने से बचने की सलाह दी। कहा कि जल्द ही सभी समितियों पर यूरिया का पर्याप्त स्टॉक पहुंच जाएगा।