अंबेडकरनगर। भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को सोमवार को जिले के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश होने से राहत मिली। दोपहर बाद तेज धूप तो नहीं रही, लेकिन बरसात का दौर समाप्त होने के बाद फिर से उमसभरी गर्मी शुरू हो गई। इस बीच धान की रोपाई कर रहे किसानों ने बारिश होने से राहत की सांस ली। किसानों का कहना था कि अब बरसात शुरू होनी ही चाहिए। यदि समय पर बारिश न हुई तो समस्या हो सकती है।
मानसून विलंब से आने के चलते भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है। सोमवार को भी वैसे तो सुबह से ही उमसभरी गर्मी शुरू हो गई, लेकिन बादलों के उमड़ने-घुमड़ने से बारिश की उम्मीद जग गई। सुबह कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी हुई तो इससे गर्मी में और भी वृद्धि हो गई। दोपहर बाद बादल बरसे, लेकिन अधिक देर तक नहीं टिक सके। जिले के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। इससे उमसभरी गर्मी से कुछ हद तक लोगों को राहत मिली।
इस बीच सोमवार को जब बादल उमड़े तो धान की रोपाई में लगे किसानों के चेहरे पर चमक आ गई। उन्हें उम्मीद थी कि तेज बारिश होगी, जिससे रोपाई में लाभ मिलेगा। अधिक बारिश न होने से किसानों को मायूसी हाथ लगी। अकबरपुर के किसान रामबहादुर व अमेदा के शिवपूजन ने कहा कि मौजूदा समय में धान की रोपाई की जा रही है। इसके लिए खेत में पानी भरा होना जरूरी है। सुचारु बारिश न होने से इसके लिए वैकल्पिक संसाधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे किसानों को आर्थिक चपत भी लग रही है। कहा कि सोमवार को जो बरसात हुई, उससे उम्मीद है कि आगामी दिनों में मानसूनी बारिश शुरू हो सकती है।