अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार को अपनी-अपनी ट्रेनों का बैठकर इंतजार करते हुए यात्री।संवाद
अंबेडकरनगर। दीपावली का त्योहार मनाकर घर से काम पर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ बुधवार को रेलवे स्टेशन पर बढ़ गई। इस बीच ट्रेनों की लेटलतीफी ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दीं। कई प्रमुख ट्रेनें घंटों देरी से पहुंचीं, जिससे नौकरी और कामकाज पर समय से पहुंचने की चिंता यात्रियों को सताती रही।
सबसे अधिक परेशानी फरक्का एक्सप्रेस के यात्रियों को उठानी पड़ी। यह ट्रेन अप दिशा में करीब चार घंटे और डाउन दिशा में लगभग पांच घंटे विलंब से पहुंची। वहीं, जम्मू तवी और गोमती नगर एक्सप्रेस करीब एक-एक घंटे देरी से आईं। वाराणसी सिटी-साबरमती एक्सप्रेस एक घंटा 14 मिनट, गंगा सतलज एक्सप्रेस एक घंटा 17 मिनट और दून एक्सप्रेस एक घंटा 49 मिनट विलंब से पहुंची।
रोहतक जाने के लिए स्टेशन पहुंचे जमुनीपुर निवासी अंबरीश प्रजापति ने बताया कि वह एक निजी कंपनी में नाइट शिफ्ट में काम करते हैं। ट्रेन की देरी के कारण समय से कार्यस्थल पहुंचना मुश्किल लग रहा है। वहीं, बिहार के आरा जाने के लिए पहुंचे अकबरपुर के अरियौना निवासी महेश कुमार ने बताया कि दीपावली मनाने के बाद वह काम पर लौट रहे थे, लेकिन ट्रेन की लेटलतीफी से परेशानी हो रही है। स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि अपरिहार्य कारणों से ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो रहा है।