जलालपुर (अंबेडकरनगर)। कोतवाली जलालपुर क्षेत्र के मोलनापुर गांव के एक युवक को बीते शनिवार को तबीयत बिगड़ने पर क्षेत्र के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार रात उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई।
इस पर परिवार के लोग डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। मामले की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को शव के साथ सीएचसी नगपुर ले गई। परिवार के लोगों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। इस पर पुलिस ने पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार व अस्पताल प्रशासन के बीच सुलह-समझौता हो गया है। कोतवाल संतोष सिंह ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। साथ ही कोई लिखित शिकायत भी नहीं की है। संवाद