अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल में संचालित एमसीडी क्लीनिक में बीते 15 दिनों से मरीजों को डायबिटीज की जांच न होने से आंख के ऑपरेशन के लिए आने वाले मरीजों और डायबिटीज के मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्ट्रिप खत्म होने के 15 दिन बीतने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। ऐसे में मरीजों को जिला अस्पताल की पैथाेलॉजी या निजी केंद्रों पर जांच करानी पड़ी।
बुधवार को क्लीनिक में 30 से अधिक लोग ब्लड प्रेशर और डायबिटीज की जांच के लिए लाइन में खड़े थे। क्लीनिक में डॉ. रीना राजभर मौजूद रहीं। मरीजों की सिर्फ ब्लड प्रेशर की ही जांच हो रही थी। जब डायबिटीज की जांच का नंबर आया तो स्ट्रिप खत्म होने की बात बता कर मरीजों को लौटा दिया गया। बुधवार को लगभग 92 मरीज जांच के लिए आए थे। इनमें कुछ लोगों ने जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में सैंपल देकर जांच कराई, जिसकी रिपोर्ट 24 घंटे बाद मिलेगी। जिन मरीजों को शीघ्र जांच रिपोर्ट की आवश्यकता है, वह निजी केंद्रों से जांच कराने के लिए मजबूर हुए। बाहर से जांच कराने के लिए 50 रुपये का शुल्क देना पड़ रहा है।
केस एक
ऑपरेशन के लिए नहीं हुई जांच
फोटो- 3
जलालपुर के मड़वरपुर गांव के रहने वाले रामलगन एमसीडी क्लीनिक के बाहर खड़े मिले। वह आंख की समस्या को लेकर जिला अस्पताल इलाज के लिए आए थे। आंख के ऑपरेशन से पहले चिकित्सक ने बीपी और शुगर के साथ अन्य जांच कराने की सलाह दी। अंदर जाने क बाद की बीपी की जांच तो हो गई, लेकिन शुगर की जांच नहीं हो पाई।
केस दो
30 मिनट इंतजार के बाद किया मना
फोटो-4
आजमगढ़ के उदयना गांव की उर्मिला अपनी मायके अकबरपुर आई थी। मंगलवार रात को शुगर बढ़ने के कारण दवा दे दी गई थी, जिसके बाद आराम मिल गया था। जब बुधवार को डॉक्टर को दिखाया तो उन्होंने जांच के लिए लिख दिया। 30 मिनट तक इंतजार करने के बाद पता चला कि डायबिटीज की जांच के लिए स्ट्रिप नहीं है।
वर्जन
भेजी गई मांग
कुछ दिनों से एमसीडी क्लीनिक में शुगर जांंच की स्ट्रिप खत्म होने के कारण यह समस्या हो रही है। मांग भेज दी गई है, जल्द ही जांच शुरू हो जाएगी।
डाॅ. सालिकराम पासवान, प्रभारी सीएमओ