अंबेडकरनगर। जलालपुर थाना अंतर्गत उफरौली गांव में रविवार सुबह तिलकोत्सव कार्यक्रम के दौरान कॉफी मशीन फटने से दो बालक समेत पांच व्यक्ति चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। सभी को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए एक को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी ध्रुव चौधरी के घर में रविवार सुबह तिलकोत्सव कार्यक्रम था। न सिर्फ गांव के ग्रामीण, बल्कि रिश्तेदार आदि लोग भी कार्यक्रम में पहुंचे थे। डीजे पर बज रहे फिल्मी गीतों पर बच्चे व किशोर थिरक रहे थे। चारों तरफ उल्लास का माहौल था।
सुबह का समय होने के चलते आए हुए मेहमान जलपान करने में लगे थे। कुछ लोग कॉफी मशीन के निकट खड़े होकर कॉफी पी रहे थे। इसी बीच अचानक तेज धमाके के साथ कॉफी मशीन फट गई। इससे मौके पर चीखपुकार के साथ अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े।
कॉफी मशीन फटने से उसकी चपेट में आकर उमेश (25), नितिन (23), शिवा (10), अंश (10) व कुलदीप (22) गंभीर रूप से झुलस गए। आनन-फानन में सभी को जलालपुर नगर स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। इलाज के बाद हालत की गंभीरता को देखते हुए उमेश को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। उधर कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है।