अंबेडकरनगर। लोकसभा के आगामी चुनाव के लिए ईवीएम दुरुस्त करने की कवायद शुरू हो गई है। कलेक्ट्रेट के वेयरहाउस में रखी ईवीएम की जांच करने बंगलुरू से आठ इंजीनियरों की टीम यहां पहुंची है। यह टीम खराब ईवीएम को ठीक भी करेगी। इस बीच डीएम अविनाश सिंह व एएडीएम डॉ. सदानंद गुप्त ने राजनीतिक पार्टियों के पदाधिकारियों के साथ वेयरहाउस का जायजा लिया।
बंगलुरू से आए वेल कंपनी के इंजीनियर के सहयोग के लिए 70 सफाई कर्मियों के साथ ही तीन अवर अभियंता व नौ कर्मचारियों को तैनात किया गया है। टीम के कार्य की निगरानी का जिम्मा एसडीएम सदर पवन जायसवाल को सौंपा गया है। एसडीएम ने बताया कि 3098 बैलेट यूनिट, 2614 कंट्रोल यूनिट व 2807 वीवी पैट की जांच टीम के इंजीनियर करेंगे।