अंबेडकरनगर। महाकुंभ में हादसे के बाद स्नान करके घर लौट रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर बुधवार को पुलिस व प्रशासनिक अमला अलर्ट नजर आया। यही वजह रही कि शहर के अंदर जहां भारी वाहनों की नो इंट्री कर दी गई, वहीं पहले से बनाए गए होल्डिंग एरिया पर वाहन खड़े कराए गए। स्नानार्थियों से अफसरों ने कुशलक्षेम पूछा। साथ ही उनके लिए चाय और खानपान की व्यवस्था कराई।
दरअसल, मौनी अमावस्या पर प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में स्नान के लिए लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं का जाना हुआ। इस वजह से अयोध्या सीमा पहले ही सील कर दी गई। वाहनों को दूसरे मार्गों से प्रयागराज की तरफ भेजा जा रहा है। मंगलवार को श्रद्धालुओं की तादाद ज्यादा होने के कारण वाराणसी-अयोध्या हाईवे पर आवागमन पूरी तरह से प्रभावित रहा। रात एक बजे तक जाम लगा रहा। इससे श्रद्धालु बेहाल रहे। बुधवार को महाकुंभ में भगदड़ होने के चलते श्रद्धालुओं को वापस लौैटने का आग्रह किया गया।
श्रद्धालुओं के घरों को लौटने का सिलसिला शुरू हो गया। उन्हें किसी तरह की असुविधा न होने पाए, इसके लिए डीएम अविनाश सिंह, एसपी केशव कुमार ने डायवर्जन क्षेत्रों का जायजा लिया। श्रद्धालुओं से बात की और उनकी समस्या जानी। शहर के अंदर भारी वाहनों के आने जाने पर रोक लगा दी गई, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न होने पाए। शहर पुलिस की तरफ से श्रद्धालुओं को चाय के साथ खानपान की व्यवस्था कराई गई। होल्डिंग एरिया पर वाहनों को खड़ा कराया गया, ताकि जाम की समस्या न होने पाए। एसपी का कहना है कि सभी सीओ व थाना प्रभारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है। श्रद्धालुओं की मदद की जा रही है। जाम न लगने पाए, इसके लिए वाहनों का संचालन सही तरीके से कराया जा रहा है।
यहां बनाए गए होल्डिंग एरिया
नवनीत विनीत उच्चतर माध्यमिक स्कूल जैतपुर सोनाया, भवानी भीख कन्या हाईस्कूल बसोहरी, राम उजागिर महाविद्यालय बसोहरी, जनता जर्नादन इंटर काॅलेज, रग्घुपट्टी, द्वारिका प्रसाद इंटर कॉलेज बेनीपुर, रामबाबा विद्या मंदिर इंटर कॉलेज रामबाबा, जनता इंटर कॉलेज महरूआ गोला, जेडीजेबी महाविद्यालय धनवारी खेमापुर, जेडीजेबी इंटर कॉलेज धनवारी खेमापुर, खेमराज स्मारक इंटर कॉलेज खेमापुर, आदर्श बालिका इंटर कॉलेज खेमापुर, प्रभा अग्निहोत्री इंटर कॉलेज खेमापुर, गौरव रामानुज इंटर कॉलेज गौरा बसंतपुर, दशरथ वर्मा महाविद्यालय गौरा बसंतपुर, विदुषी महिला महाविद्यालय गौरा बसंतपुर कटेहरी, रामदेव जनता इंटर कॉलेज कटेहरी, मालती मॉडर्न पब्लिक इंटर कॉलेज विजयनगर कटेहरी, देवइंद्रावती महाविद्यालय कटेहरी, कर्नल जगन्नाथ महाविद्यालय पीठापुर सरैया, राजकुमारी इंटर कॉलेज पीठापुर सरैया, दयाराम वर्मा महाविद्यालय पीठापुर सरैया कुड़िया चितौना को होल्डिंग एरिया बनाया गया है।