अंबेडकरनगर। विधानसभा चुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच चार फरवरी से कलेक्ट्रेट में नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ होगी। नामांकन को सकुशल निपटाने के लिए कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट से लेकर नामांकन कक्ष तक चप्पे-चप्पे पर तैनात सुरक्षाकर्मी प्रत्येक आने-जाने वाले पर पैनी निगाह रखेंगे। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरे से भी नामांकन पर नजर रखी जाएगी। नामांकन को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट के आसपास बैरिकेडिंग कर दी गई है।
जिले की सभी पांच विधानसभा सीटों के लिए छठे चरण में तीन मार्च को मतदान होगा। इसके लिए चार से 11 फरवरी तक प्रत्याशी नामांकन कर सकेंगे। चार फरवरी से प्रारंभ होने वाली नामांकन प्रक्रिया को सकुशल निपटाने के लिए प्रशासन ने गुरुवार को ही तैयारियां पूरी कर लीं। कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट से लेकर नामांकन कक्ष तथा कलेक्ट्रेट के बाहर इर्दगिर्द के क्षेत्र में भी बैरिकेडिंग कर दी गई है।
सीओ सदर अशोक सिंह ने बताया कि अकबरपुर टांडा मार्ग पर टांडा की तरफ से कटरिया याकूबपुर के निकट, कलेक्ट्रेट के पास तथा पटेलनगर तिराहे के निकट बैरिकेंडिग की जाएगी। इसके अलावा अकबरपुर बसखारी मार्ग से कलेक्ट्रेट जाने वाले मार्ग पर प्रवेश करने के स्थान पर, एडीएम आवास के निकट व जिला अस्पताल मुख्य गेट के पहले बैरिकेडिंग की गई है। साथ ही कलेक्ट्रेट के गेट नंबर तीन से नामांकन कक्ष तक बैरिकेडिग की गई है।
चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेंगे सुरक्षाकर्मी
नामांकन को चुनाव आयोग के दिशा निर्देशानुसार निपटाने के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहेंगे। सीओ सदर ने बताया कि नामांकन के दौरान चार सीओ, 15 एसओ, 75 हेड कांस्टेबल, 38 महिला कांस्टेबल व 9 एसआई के अलावा सभी बैरियर पर एक-एक यातायात कांस्टेबल की तैनाती की गई है। बताया कि भीटी व जलालपुर सीओ कलेक्ट्रेट के अंदर कमान संभालेंगे, तो गेट नंबर तीन पर टांडा सीओ व बाहर की पूरी जिम्मेदारी सीओ सदर संभालेंगे। इसके साथ ही एक प्लाटून पीएसी की भी तैनाती की गई है। सभी बैरियर पर एक-एक एसओ रहेंगे। दो एसओ कलेक्ट्रेट के अंदर, दो एसओ एडीएम आवास के निकट, दो एसओ गेट नंबर तीन व एक एसओ जिला अस्पताल के निकट लगे बैरियर पर तैनात रहेंगे। सभी स्थानों पर आवश्यकतानुसार महिला कांस्टेबल की तैनाती की गई है।
इन कक्षों में होगा नामांकन
एसडीएम सदर पवन कुमार जायसवाल ने बताया कि कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कक्ष संख्या दो न्यायालय जिलाधिकारी में अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी नामांकन कर सकेंगे। इसी प्रकार कक्ष संख्या 41 न्यायालय बंदोबस्त अधिकारी में विधानसभा क्षेत्र कटेहरी, कक्ष संख्या 36 बाल न्यायालय में टांडा, कक्ष संख्या 35 न्यायालय अपर जिलाधिकारी न्यायिक में आलापुर व कक्ष संख्या 30 न्यायालय अपर जिलाधिकारी में विधानसभा क्षेत्र जलालपुर के प्रत्याशी नामांकन करेेंगे।
11 बजे से होगी नामांकन पत्र की बिक्री
एसडीएम सदर पवन कुमार जायसवाल ने बताया कि नामांकन पत्रों की बिक्री सुबह 11 से तीन बजे तक होगी। बताया कि प्रत्याशी या फिर उनके प्रतिनिधि संबंधित विधानसभा क्षेत्र के नामांकन कक्ष से आरओ से नामांकन पत्र खरीद सकेंगे। नामांकन पत्र पूरी तरह से निशुल्क होगा। नामांकन पत्र लेने के दौरान कोरोना गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन करना होगा।
सभी तैयारियां पूरी
तीन मार्च को होने वाले मतदान के लिए चार से 11 फरवरी तक नामांकन प्रक्रिया चलेगी। प्रत्याशी चुनाव आयोग के दिशा -निर्देशानुसार 11 फरवरी तक तीन बजे तक नामांकन कर सकेंगे। नामांकन को सकुशल निपटाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं।
-अशोक कुमार कनौजिया, एडीएम