बसखारी (अंबेडकरनगर)। अतिक्रमण के दौरान कुछ लोगों के अभद्रता किए जाने से बुधवार को दूसरे दिन भी नगर पंचायत के कर्मचारी हड़ताल पर रहे। इससे वार्डों की साफ-सफाई व्यवस्था ठप हो गई। ऐसे में नगर पंचायत के 17 वार्डों में रहने वाली करीब 25 हजार आबादी गंदगी से परेशान है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। आंदोलित कर्मियों का कहना है कि अभद्रता करने वालों के खिलाफ जब तक केस दर्ज नहीं होगा, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा में बंजर, कब्रिस्तान व तालाब की लगभग 200 बीघा भूमि पर अतिक्रमण कर लिया गया है। अतिक्रमण हटाने के लिए नगर पंचायत की टीम सोमवार को खेल मैदान व कब्रिस्तान गई थी। इस दौरान कुछ लोगों ने कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया था। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने भी आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की थी। इस पर पंचायत कर्मियों ने मंगलवार से हड़ताल शुरू की थी, जो बुधवार को भी जारी रही। अभिषेक यादव, परमेश्वरदत्त आदि कर्मचारियों ने बताया कि अभद्रता करने वालों को बचाने की कोशिश की जा रही है, जिसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर पंचायत में रहने वाले बलराम, आयुष गुप्ता, रामबदन का कहना है कि वार्डों में कूड़े के ढेर लगने से सांस लेना मुश्किल है। नगर पंचायत अध्यक्ष ओमकार गुप्ता ने बताया कि पुलिस के लापरवाही के चलते अतिक्रमण नहीं हट सका है। ऐसे पुलिसकर्मी पर कार्रवाई न होने तक कार्य बहिष्कार किया जाएगा।