विद्युतनगर (अंबेडकरनगर)। मखदूमनगर बाजार के लोगों ने मंगलवार को कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद को ज्ञापन देकर एनटीपीसी से मकान और दुकान का मुआवजा दिलाने की मांग की है। विधायक ने इस प्रकरण में जिलाधिकारी से वार्ता कर न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।
मखदूमनगर के लोगों ने बताया कि बाजार में ओवरब्रिज बनने से 50 मकान टूट रहे हैं। दरअसल ये लोग जमीन खरीद कर 42 साल से रह रहे हैं। तहसील की राजस्व टीम और सेतु निगम के कर्मचारी मकान में निशान लगा चुकी है। तीन मीटर तक तोड़ देने पर मकान पूर्ण रूप से ध्वस्त हो जाएगा। मांग है कि एनटीपीसी से पूरे मकान का मुआवजा दिलवाया जाए, जिससे अपना मकान बनवा सकें। ओवरब्रिज की लंबाई एक किलोमीटर है, जिसमें मखदूमनगर की तरफ 300 मीटर और 300 मीटर जोतजैना की तरफ भरतू ब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है। ब्रिज के सामने स्वास्थ्य केंद्र है, जिसके कारण आने जाने में भी समस्या होगी। इसलिए ओवरब्रिज का निर्माण पिलर पर कराया जाए। इस दौरान हीरालाल गुप्ता, कमलसाह, धर्मेंद्र पाल, आजाद अहमद व अन्य लोग मौजूद रहे।