अंबेडकरनगर। गर्मी बढ़ने के कारण उल्टी-दस्त, पेट में दर्द के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। रविवार को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक कुल 40 मरीज आए, जिनमें से 12 को उल्टी-दस्त की शिकायत थी। इन मरीजों की हालत अधिक खराब होने के कारण भर्ती करना पड़ा। डॉक्टर की निगरानी में इन सभी का इलाज शुरू किया गया है। वहीं सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी मौसमी बीमारियों से संबंधित मरीजों की भरमार रही।
रविवार का अवकाश होने के चलते इमरजेंसी में मरीजों की संख्या अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक रही। सुबह से ही उल्टी-दस्त के मरीजों के आने का सिलसिला शुरू हुआ तो शाम तक थमने का नाम ही नहीं लिया। कुमकुम (40) निवासी मकदूमपुर अकबरपुर, चंद्रभान (28) निवासी सेमरी सुल्तानपुर, ममता (28) निवासी ज्ञानपुर बेवाना, गीता (40) निवासी केदारनगर इब्राहिमपुर, आशा (65) निवासी हरिनाथपुर महरुआ, साधना (21) किसनीपुर अकबरपुर, मो. उमान (11) निवासी नई बाजार शहजादपुर, अखिलेश्वर (12) तारापुर कटवरिया तारुन अयोध्या, धर्मेंद्र कुमार (45) कल्याणपुर सम्मनपुर, महेंद्र कुमार (40) समेत अन्य लोगों को भर्ती कराया गया । डॉ. मनोज कुमार की निगरानी में सभी मरीजों को भर्ती कर इलाज शुरू किया। चिकित्सक ने बताया कि गर्मी व उमस बढ़ने से लोग बीमार हो रहे हैं। ऐसे मौसम में पानी की कमी न होने पाए, इसका ध्यान रखना बेहद आवश्यक है।
पांच मरीज मेडिकल कॉलेज रेफर
इमरजेंसी में रविवार को कुल 40 मरीज आए, जिनमें से पांच मरीजों को राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर रेफर किया गया। इनमें सड़क हादसे में घायल दो मरीजों के अलावा दो को सांस लेने में तकलीफ थी। वहीं एक मरीज को दौरे आने के कारण रेफर किया गया।
बरतें सावधानी
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. पीएन यादव ने बताया कि गर्मी से बचाव के लिए अस्पताल में पर्याप्त दवाएं मौजूद हैं। मरीजों को अस्पताल में बेहतर इलाज दिया जा रहा है। इमरजेंसी में उल्टी दस्त से पीड़ित बढ़े हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है और हालत गंभीर होने पर भर्ती भी किया जा रहा है। सीएमएस ने बताया कि लोग धूप के समय कोई जरूरी कार्य नहीं है तो बाहर निकलने से बचें। बाहर जाते समय पूरे कपड़े पहनें। थोड़े-थोड़े अंतराल में पानी पीते रहें।
...........
ऐसे करें बचाव
-सुबह घर से खाली पेट न निकलें
-सूती वस्त्र पहन कर निकलें व सिर को भी ढक कर रखें
- जरूरी न हो तो घर से दोपहर के समय बाहर न निकलें
-मौसमी फल और सब्जियों का ही सेवन करें
-नींबू पानी, शिकंजी, छाछ, लस्सी, शर्बत, नारियल पानी पीएं
- दिन में तीन-चार लीटर पानी रोज पीएं और तली भुनी चीजों का परहेज करें।