श्रवण क्षेत्र (अंबेडकरनगर)। कटेहरी विकासखंड की ग्राम पंचायत चिउटीपारा के खिदिरपुर मजरे में विवादित लेखपाल राजेश वर्मा की दोबारा तैनाती से ग्रामीणों में नाराजगी है। घरौनी वितरण कार्य में की गई अनियमितताओं को लेकर पहले ही उनके खिलाफ जांच हो चुकी है, जिसके आधार पर उनका स्थानांतरण किया गया था। अब दोबारा तैनाती से लोगों में आक्रोश है।
ग्रामवासियों का आरोप है कि लेखपाल राजेश वर्मा ने पूर्व में घरौनी दर्ज करने में गंभीर गड़बड़ियां की थीं। कई लोगों की निजी भूमि को अन्य व्यक्तियों के नाम दर्ज कर दिया गया था। श्रीनाथ सिंह, सुनील सिंह, अनिल सिंह, विश्वनाथ सिंह सहित कई ग्रामीणों ने इस विषय में लिखित शिकायत संबंधित अधिकारियों से की थी।
जांच में आरोपों की पुष्टि हुई थी, जिसके बाद राजेश वर्मा को हटा दिया गया और उनके स्थान पर अंकित मिश्रा की तैनाती की गई थी। अचानक उनका स्थानांतरण कर राजेश वर्मा को दोबारा तैनात कर दिया गया है। भाजपा नेता महेंद्र गौड़, प्रधान प्रतिनिधि रामसनेही, अनिल सिंह, विश्वनाथ प्रताप सिंह, दीपक, रमेश सहित दर्जनों ग्रामीणों ने राजेश वर्मा की तैनाती को निरस्त करने तथा पूरे घरौनी वितरण प्रकरण की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग डीएम से की है।