अंबेडकरनगर। लगभग 45 लाख रुपये के धान का गबन कर लेने का मामला सामने आया है। इसमें दो क्रय केंद्र प्रभारियों पर केस दर्ज कर लिया गया है, जबकि तीसरे पर केस दर्ज करने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। धान खरीद में यह गड़बड़ी बसखारी, हंसवर व बेवाना थाना क्षेत्र में हुई है।
धान खरीद में गड़बड़ी बरतने वाले क्रय केंद्र प्रभारियों पर जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएम सैमुअल पॉल एन ने बीते दिनों ऐसे क्रय केंद्र प्रभारियों पर कार्रवाई का निर्देश दिया था। इसी क्रम में तीन जगहों पर तहरीर दी गई है। बसखारी विकास खंड के बजदहिया पाईपुर साधन सहकारी समिति को लेकर पीसीएफ द्वारा उपलब्ध कराए गए ऑनलाइन विवरण के अनुसार क्रय केंद्र पर पूरे सत्र में 9411 क्विंटल धान की खरीद की गई है। राइस मिल को 8814 क्विंटल धान कुटाई के लिए उपलब्ध कराया गया है। ऐसे में समिति गोदाम पर कुल 596 क्विंटल धान उपलब्ध होना चाहिए था, जो नहीं मिला। क्रय केंद्र प्रभारी रामप्रसाद शर्मा कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाए।
बेवाना थाना क्षेत्र के रामपुर सकरवारी में 1440 क्विंटल धान की गड़बड़ी पाई गई। यहां के क्रय केंद्र प्रभारी अनिल सिंह इस बारे में कोई स्पष्ट आंकड़ा नहीं दे पाए। ऐसे में बसखारी व बेवाना थाना में दोनों क्रय केंद्र प्रभारियों के विरुद्ध केस दर्ज करा दिया गया। हंसवर थाना क्षेत्र में भी धान के गबन को लेकर सिंहपुर साधन सहकारी समिति के सचिव त्रिभुवननाथ मौर्य के विरुद्घ थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस ने फिलहाल यहां अभी केस दर्ज नहीं किया है। अधिकारियों के अनुसार तीनों केंद्र को मिलाकर लगभग 45 लाख रुपये के धान का गबन हुआ है।