अंबेडकरनगर। सहकारी संघ लिमिटेड बसखारी में 24 बोरी यूरिया के गबन का मामला प्रकाश में आया है। जांच के बाद प्रभारी सचिव नीलम गुप्ता के खिलाफ केस दर्ज करने के साथ निलंबन की कार्रवाई की गई है। साथ ही पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच शुरू की गई है।
डीएम अनुपम शुक्ला के निर्देश पर 17 अगस्त 2025 को नायब तहसीलदार व सहायक विकास अधिकारी (सहकारी) बसखारी ने सहकारी संघ का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय सचिव नीलम गुप्ता मौके पर उपस्थित थीं। जांच में सामने आया कि जिले से 350 बोरी यूरिया प्राप्त की गई थी, जिसका स्टॉक रजिस्टर में कोई अंकन नहीं किया गया। वितरण रजिस्टर में केवल 82 बोरी यूरिया वितरण का उल्लेख मिला। शेष बची 268 बोरी यूरिया स्टॉक में होनी चाहिए थी, लेकिन मौके पर केवल 244 बोरी यूरिया उपलब्ध पाई गई। इस प्रकार 24 बोरी यूरिया की कमी पाई गई, जिसका कोई हिसाब-किताब नहीं था। एआर कोऑपरेटिव राघवेंद्र प्रताप शुक्ला ने बताया कि जांच के बाद मुकदमा दर्ज कराया गया है। प्रभारी सचिव को निलंबित कर दिया गया है।