अंबेडकरनगर। शहर से लेकर गांव तक बुधवार की रात बिजली आपूर्ति बेपटरी रही। जंपर कटने और फ्यूज खराब होने से जहां शहर की बिजली गुल रही। वहीं, बिजली का तार टूटने से 30 गांव की बिजली पूरी रात गुल रही।
अकबरपुर उपकेंद्र के वीआईपी फीडर के पटेलनगर के पास फ्यूज खराब हो जाने से बुधवार की शाम सात बजे पटेलनगर, रगड़गंज के अलावा कलेक्ट्रेट और इसके आसपास के मोहल्लों की बिजली आपूर्ति गुल हो गई। बिजली कर्मी फाल्ट को खोजने निकल पड़े। रात 10 बजे फ्यूज को बदलने के बाद आपूर्ति सुचारू हो सकी। इस दौरान भीषण कर्मी में लोग परेशान रहे।
शहजादपुर बिजली घर के संघतिया मोहल्ले के पास मुख्य लाइन में खराबी होेने से लो वोल्टेज की समस्या उत्पन्न हो गई। ऐसे में इससे संचालित मोहल्लोंं में पूरी रात लो वोल्टेज से उपभोक्ता हलकान रहे। सुबह आठ बजे खामी दूर होने के बाद वोल्टेज ठीक होने पर लोगोंं ने राहत की सांस ली। महरूआ फीडर को जाने वाला के मगनपुर गांव के पास मुख्य बिजली का तार टूटने से मंशापुर, सुखारीगंज, दांदूपुर, जमालपुर, बंदनडीह, हरिश्चंदपुर, उदहलवा, हीडीपकड़िया, ककरहवा समेत 30 गांव की बिजली गुल हो गई।
ग्रामीणों के फोन करने के बाद भी फाॅल्ट को ठीक नहीं किया गया। ऐसे में पूरी रात ग्रामीण भीषण गर्मी से बिलबिला उठे। अधिशासी अभियंता आशीष यादव ने बताया की फाल्ट को ठीक कर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।