ललिया। शिवानगर गांव निवासी 70 वर्षीय एक वृद्ध का शव आम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक बीते तीन साल से कैंसर से पीड़ित था। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना मथुरा क्षेत्र के शिवानगर ग्राम पंचायत के मजरा गंगापुर की है। गंगापुर निवासी रामसागर आर्य (70) का शव बीरपुर गांव के पास एक आम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। बुधवार सुबह खेतों की ओर गए ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी। मथुरा चौकी प्रभारी पंकज गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
परिजनों के अनुसार रामसागर आर्य अपने छोटे बेटे ननके आर्य के साथ श्रावस्ती जनपद के लालपुर क्षेत्र में रहते थे। मंगलवार रात वह गंगापुर स्थित अपने बड़े बेटे जगराम आर्य के घर जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन वहां नहीं पहुंचे। देर रात तक तलाश के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला। बुधवार सुबह उनका शव पेड़ पर लटका मिला। बेटे जगराम ने बताया रामसागर आर्य की पत्नी का दो वर्ष पहले निधन हो चुका था। वह पिछले तीन वर्षों से कैंसर से पीड़ित थे और उनका इलाज चल रहा था। बीमारी के कारण वह लंबे समय से परेशान भी रहते थे। प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय सिंह ने बताया कि पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।