जानकारी के अनुसार बेवाना थाना की दलित बस्ती विश्रामपुर में बुधवार को मंगल पुत्र जोखू के पांच वर्षीय पौत्र का जन्मदिन मनाया जा रहा था। डीजे पर गीत बज रहे थे। इस बीच रात साढ़े नौ बजे गांव के एक वर्ग के लोगों ने धार्मिक आस्था के चलते डीजे बंद करने को कहा।
मंगल पक्ष के लोगों ने डीजे बंद करने से मना कर दिया। इस पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। इस पर दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी डंडे से दलित बस्ती के लोगों की पिटाई शुरू कर दी। जो भी सामने आया, उसे लाठियों सा पीटा। इससे अफरातफरी मच गई। लोग इधर उधर भागने लगे।
इसी बीच किसी ने दूरभाष पर बेवाना पुलिस को दी। एसओ राहुल कुमार पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को आता देख हमलावर वहां से भाग गए। मामला दो वर्गों से जुड़ा होने के चलते सीओ जलालपुर ओंकार सिंह कई थानों की पुलिस के साथ गांव पहुंच गए। पुलिस ने हत्क्षेप कर मामला शांत कराया।
मारपीट में घायल हुए अजय पुत्र मंगरू, जितेंद्र पुत्र हरीराम, संतोष पुत्र जगराम, बच्चूलाल पुत्र लौहरी, गनपत पुत्र बालेश्वर, अनिल पुत्र श्यामलाल, शांति पत्नी बाबूलाल, संगीता पत्नी रंजीत को इलाज के लिए पीएचसी अकबरपुर भेजा गया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनात कर दिया गया है।
एसओ श्री कुमार ने बताया कि मामले में पीड़ित मंगल की तहरीर पर अच्छन, मिस्टर, राजा, फैजान, बब्लू, आदिल, काले, नौशाद, मोनू, सैफ, मुल्हू व कायम व कई अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।