टांडा (अंबेडकरनगर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के पकड़ी भोजपुर गांव में बीते सोमवार को दिन दहाड़े भूमि विवाद हमें अंकित यादव की हत्या व पत्थरबाजी मामले के आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम जुट गई है। इससे स्थानीय नागरिकों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस ने पत्थरबाजी मामले में सैकड़ों अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से आरोपियों की पहचान व तलाश जारी है।
बताते चलें कि गत सोमवार को भूमि विवाद में पकड़ी भोजपुर निवासी अंकित यादव की विपक्षियों ने फावड़े से हमला कर हत्या कर दी थी। अंकित यादव की हत्या के बाद गांव के लोगों में आक्रोश भड़क गया था। मौके पर पहुंचे आक्रोशित सैकड़ों ग्रामीणों ने पुलिस टीम द्वारा अभियुक्तों को हिरासत में कोतवाली ले जाने के दौरान पत्थरबाजी शुरू कर दी थी। एक अभियुक्त की लाठी-डंडों से पिटाई करने के साथ ही पुलिस वाहन पर भी हमला कर दिया गया था। इससे पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया था।
ग्रामीणों के हमले में हत्या आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे जिला अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर रेफर करना पड़ गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। इस मामले में पुलिस ने अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस अब तक तीन महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इसी क्रम में पत्थरबाजों के विरुद्ध दर्ज मुकदमे में गिरफ्तारी के लिए टांडा कोतवाली पुलिस जुट गई है। पुलिस टीम की इस कार्रवाई से पकड़ी भोजपुर गांव में हड़कंप की स्थिति है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त व उसकी गिरफ्तारी का प्रयास जारी है। कोतवाल वृजेंद्र शर्मा ने बताया कि अभियुक्तों की गिरफ्तारी का प्रयास चल रहा है।