जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। समाज की बेहतरी के लिए प्रत्येक व्यक्ति के लिए शिक्षा बहुत जरूरी है। शिक्षा से ही राष्ट्र का निर्माण होता है, जिस देश में शिक्षा का अभाव है, उस राष्ट्र का विकास संभव नहीं है। यह बातें फतेह मोहम्मद मेमोरियल इंटर कॉलेज जहांगीरगंज में आयोजित विदाई समारोह में सितारे उर्दू अवार्ड से सम्मानित मोहम्मद शफी नेशनल इंटर कॉलेज हंसवर के शिक्षक मोहम्मद असलम खान ने बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए कहीं। कहा कि छात्रों को हमेशा अपने सुनहरे भविष्य के लिए चिंतित रहना चाहिए। क्योंकि किसी भी कोर्स को पूरा करने के बाद उनके सामने भविष्य की समस्या आ जाती है। अगर वह मेहनत व लगन के साथ तालीम हासिल करेंगे तो, लक्ष्य की अवश्य प्राप्ति होगी।
आयुक्त स्काउट गोरखपुर मंडल के नौशाद अली सिद्दीकी ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से छात्र अपनी मेहनत और संघर्ष से अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। शिक्षक इस्तेख़ार अहमद ने कहा कि आज के समाज में लड़कियों की शिक्षा बेहद जरूरी है। समाज के विकास के लिए लड़कियां कई क्षेत्रों में कार्य कर रही हैं। समाज में बेहतर विकास के लिए लड़कियों का अच्छी तरह से शिक्षित होना आवश्यक है।
अध्यक्षता कर रहे प्रबंधक हारून अंसारी ने कहा कि शिक्षा के दौरान शिक्षक ने जो सीख दी है, उसे अपने साथ ले जाएं ताकि इस संस्था का नाम भी रोशन हो सके। प्रधानाचार्य मोहम्मद तौफीक अंसारी ने सभी विद्यार्थियों की सफलता की कामना की। छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विगत वर्ष 2021 में अच्छे अंक प्राप्त करने वाले छात्र/छात्राओं को अब्दुल हई मेमोरियल अवार्ड एवं गोल्ड मेडल तथा ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।