हजपुरा (अंबेडकरनगर)। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के नान्हूनगर चौराहे के निकट गुरुवार को तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। हादसे में युवकों की मौत होने से परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सम्मनपुर थाना क्षेत्र के कजपुरा ग्राम पंचायत के मजरा भैंसासुर निवासी शिवा (18) व अर्जुन (20) सुबह एक ही बाइक से अकबरपुर से घर जा रहे थे। बताया जाता है कि जब वे अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के नान्हूनगर चौराहे के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद जब तक आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक चालक वाहन लेकर भाग गया।
इस बीच घायल दोनों युवकों को जब तक अस्पताल ले जाने का प्रबंध किया जाता, तब तक दोनों की मौत हो गई। इस बीच हादसे को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी भी दिखी। सूचना मिलने के बाद परिवारीजन भी रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। हादसे में युवकों की मौत होने से परिवारीजनों में कोहराम मच गया है।