अंबेडकरनगर। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष अभियान का जायजा लेने रविवार को डीएम राकेश कुमार मिश्र ने कई केन्द्रों का निरीक्षण किया। उच्च प्राथमिक विद्यालय बेलउवा बरियारपुर अकबरपुर, प्राथमिक विद्यालय इस्माइलपुर, अकबरपुर एवं प्राथमिक विद्यालय सैदपुर भितरी का भी जायजा लिया।
उच्च प्राथमिक विद्यालय बेलउवा बरियारपुर में मौके पर बीएलओ लालमति यादव एवं बिंदू देवी, प्राथमिक विद्यालय इस्माइलपुर में बीएलओ पुष्पा देवी एवं प्रधानाचार्य सुरेंद्र प्रसाद, प्राथमिक विद्यालय सैदपुर भितरी में बीएलओ निशा देवी एवं सहायक अध्यापिका इंदु भामा यादव मौजूद मिले। सभी कर्मी मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य करते पाए गए।
डीएम ने कहा कि आगामी 1 जनवरी 2021 तक 18 वर्ष की आयु के सभी युवाओं/ युवतियों का नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए। साथ ही आम नागरिकों को भी जागरूक करने का आह्वान किया। कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए चुनावों में शतप्रतिशत मतदाताओं की भागीदारी अहम है।
सभी बीएलओ को निर्देशित किया कि सूची से नाम हटाने, बढ़ाने व स्थानांतरण के लिए पर्याप्त अभिलेख व साक्ष्य मिलने के बाद ही कार्रवाई अग्रसारित की जाए। यदि किसी मतदाता ने शिकायत दर्ज कराई कि उसका नाम सूची में था, और नवीन सूची में नही है तो संबंधित बीएलओ जिम्मेदार होंगे और उनके विरुद्घ कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
उधर सीडीओ घनश्याम मीणा ने उच्च प्राथमिक विद्यालय कटेहरी का निरीक्षण किया। यहां पर बीएलओ मौजूद मिलीं। सूची में नाम बढ़ाने के लिए 17 आवेदन आए थे। बीएन इंटर कॉलेज में कोई आवेदन कर्मचारियों के पास नहीं पहुंचा था। यहां पर पुनरीक्षण कार्य में लगे दो कर्मचारी अनुपस्थित थे। लेखपाल मुरलीधर तिवारी ने बताया कि फोन पर संपर्क किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। बताया कि पुनरीक्षण कार्य आगामी दिनों में भी चलेगा। सभी कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी से काम करना होगा।