अंबेडकरनगर। संभव अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए डीएम सैमुअल पॉल एन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति की बैठक की गई। इसमें 25 जून से प्रारंभ हो रहे वजन सप्ताह तथा संभव अभियान के अंतर्गत जुलाई में स्तनपान प्रोत्साहन माह, अगस्त में ऊपरी आहार तथा एक हजार दिन की महत्ता तथा सितंबर में पोषण माह में बीमारियों से बचाव और एनीमिया प्रबंधन पर जोर दिया जाएगा। इस दौरान संभव अभियान में लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई।
डीएम ने शासन की ओर से दिए गए निर्देशों से कर्मियों को अवगत कराया। कहा कि संभव अभियान में सभी विभागों को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करना होगा। स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज, ग्राम विकास विभाग, शिक्षा विभाग, खाद्य एवं रसद, पशुपालन विभाग तथा अन्य विभागों को अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
कहा कि सभी विभागों की जिम्मेदारी है कि वह अधीनस्थों के साथ मिलकर अगले तीन माह की कार्ययोजना तैयार कराएं। कार्ययोजना बनाकर उस पर गंभीरता से काम किया जाए। बाल विकास विभाग को निर्देश दिया कि 25 जून से प्रारंभ होने वाले वजन सप्ताह में सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी शत-प्रतिशत शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों का वजन, लंबाई, ऊंचाई लेते हुए पोषण ट्रैकर एप पर फीडिंग करें। जिला कार्यक्रम अधिकारी के माध्यम से निदेशालय को सूचना प्रेषित करने का निर्देश दिया।
डीएम ने गोद लिए गए गांवों में आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा की। प्राथमिक विद्यालयों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों पर विद्युतीकरण कराने के लिए बीएसए को निर्देशित किया। कहा कि जिन भी मूलभूत सुविधाओं की दरकार है, उसे पूरा कराया जाए।
प्रथम चरण में चयनित कुल 102 आंगनबाड़ी केंद्रों को आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया। इस मौके पर सीडीओ घनश्याम मीणा, जिला विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह, जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार द्विवेदी व जिला कार्यक्रम अधिकारी दिनेश मिश्र आदि मौजूद रहे।