अंबेडकरनगर। ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए शुक्रवार को विकासखंड कटेहरी की ग्राम पंचायत सेमरी में डीएम ईशा प्रिया की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल आयोजित हुई। डीएम ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के साथ आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण का मौके पर भौतिक सत्यापन किया। उन्होंने लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए।
जिले में विगत तीन माह में आईजीआरएस पर सर्वाधिक शिकायतें प्राप्त करने वाली ग्राम पंचायतों को चिह्नित कर प्रत्येक शुक्रवार गांव की समस्या गांव में समाधान के तहत चौपाल लगाई जा रही है। चौपाल में ग्रामीणों ने शिकायतें और प्रार्थनापत्र दिए। अधिकारियों ने मौके पर जांच कराकर कई मामलों का निस्तारण कराया, जबकि शेष के लिए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
चौपाल में जमीनी विवाद और राजस्व संबंधी शिकायतें अधिक रहीं। राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों ने मौके पर दोनों पक्षों की बात सुनी और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।डीएम ने कहा कि आईजीआरएस शिकायतों का केवल कागजी निस्तारण न हो, बल्कि मौके पर जांच कर वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में नाऊसांडा, काही, कुचपूरा, भियांव, महुवर, देवलर, बिहरोजपुर, प्रतापपुर चमुर्खा, बेवाना, मुजाहिदपुर और मीढ़ी सलेमपुर समेत अन्य चिन्हित ग्राम पंचायतों में भी अधिकारियों की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल आयोजित हुई।
ग्राम चौपाल में छह शिकायतों का निस्तारण
आलापुर। महुवर पंचायत भवन पर आयोजित ग्राम चौपाल में अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। पूर्व में विभिन्न विभागों से संबंधित दर्ज छह शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। चौपाल में लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता और बासुदेव के बीच नाबदान के पानी की निकासी और रास्ते को लेकर वर्षों से चल रहे विवाद का भी समाधान कराया गया। एसडीएम आलापुर धर्मेंद्र सिंह और तहसीलदार पद्मेश श्रीवास्तव ने दोनों पक्षों की बात सुनकर आपसी सहमति से लिखित सुलहनामा कराया। चौपाल में बीडीओ दिनेश राम, इंस्पेक्टर बीरेंद्र बहादुर सिंह सहित अन्य मौजूद रहे। संवाद