जिला अस्पताल सोलर प्लांट का उद्घाटन
अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल परिसर में स्थापित 375 किलोवाट क्षमता वाले सोलर प्लांट का उद्घाटन मंगलवार को एमएलसी हरिओम पांडेय और डीएम अनुपम शुक्ला ने फीता काटकर किया। प्लांट के शुरू होने से अब जिला अस्पताल को निर्बाध सौर ऊर्जा उपलब्ध होगी, जिससे बिजली और जेनरेटर पर निर्भरता लगभग समाप्त हो जाएगी। वहीं इससे अस्पताल को प्रतिमाह 2.70 लाख रुपये की बचत होगी।
सोलर ऊर्जा की आपूर्ति से अस्पताल में संचालित महत्वपूर्ण इकाइयां सीटी स्कैन, एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, डायलिसिस यूनिट, ओटी, आईसीसीयू व वेंटिलेटर सहित सभी वार्ड बिना रुकावट चल सकेंगी। इससे अस्पताल को प्रतिमाह दो लाख 70 हजार रुपये से अधिक की बचत का अनुमान है। सरकार के क्लीन एनर्जी मिशन के अंतर्गत यूपी नेडा की ओर से सोलर प्लांट का निर्माण दो माह में पूरा किया गया। प्लांट का रखरखाव ओएमई संस्था द्वारा किया जाएगा। अस्पताल में कुल 200 बेड हैं और सभी वार्डों में लाइट, पंखे व अन्य विद्युत उपकरण सौर ऊर्जा से संचालित किए जा सकेंगे। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. संजय कुमार शैवाल, सीएमएस डॉ. पीएन यादव, अस्पताल प्रबंधक हर्षित गुप्ता समेत चिकित्सक व कर्मचारी उपस्थित रहे।
रोजाना 1800 यूनिट सौर ऊर्जा का उत्पादन
जिला अस्पताल में लगाए गए सोलर प्लांट से प्रतिदिन 1800 यूनिट बिजली का उत्पादन होगा। इससे प्रतिदिन लगभग 15,000 रुपये की बचत होगी, जबकि संस्था को केवल 9,000 रुपये ही भुगतान करना होगा। प्लांट से वर्षभर में 1593 किलो कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आने का अनुमान है, जिससे पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।