भीटी। कोरोना वायरस को लेकर बीते दिन भीटी सीएचसी अधीक्षक डॉ. विकास तिवारी के नेतृत्व में तहसील क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर जन जागरूकता अभियान चलाकर दो दर्जन से ज्यादा ग्रामीणों को मास्क का वितरण किया गया। इसके साथ ही नुक्कड़ सभा के माध्यम से ग्रामीणों को तमाम सावधानियों के बारे में अवगत कराया गया। वक्ताओं ने कहा कि कोरोना वायरस को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। बचाव के तौर पर जागरूकता ही इसका सबसे बड़ा इलाज है।
कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच भीटी सीएचसी अधीक्षक विकास तिवारी के नेतृत्व में भीटी कस्बा, तहसील, ब्लॉक व सीएचसी परिसर में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान दो दर्जन से ज्यादा नागरिकों को मॉस्क का वितरण कर उसकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधीक्षक ने नागरिकों से कहा कि कोरोना वायरस को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसी बीमारियों से सिर्फ जागरूकता व सावधानियां बरतकर बचा जा सकता है।
उन्होंने वायरस से बचाव के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि खाना खाने से पहले हाथों को अच्छी तरह से जरूर धोएं। इसके अलावा यह प्रक्रिया दिन में तीन से चार बार जरूर करें। नाक व मुंह पर अनावश्यक तौर पर हाथों को बार-बार न ले जाएं। खांसी व जुकाम वाले व्यक्तियों के संपर्क में कतई न रहें। बात करते समय कम से कम एक मीटर अथवा पर्याप्त दूर बनाएं रखें। ऐसे स्थानों पर जाने से बचें जहां ज्यादा भीड़ भाड़ रहती है।
इसके साथ ही नियमित साफ-सफाई व गर्म पानी का सेवन जरूर करें। बाद में नुक्कड़ नाटक के भी माध्यम से लोगों को सावधानियां अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस मौके पर डॉ. आशुतोष श्रीवास्तव, डॉ. अशोक कुमार गुप्त, डॉ. रामसहाय, डॉ. विनोद वर्मा, डॉ. ओमप्रकाश मिश्र, बार अध्यक्ष सत्य प्रकाश शुक्ल व श्याम भवन पांडेय आदि मौजूद रहे।