अंबेडकरनगर। प्रधानमंत्री के परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में भाग लेने के लिए अंबेडकरनगर के विद्यार्थी और शिक्षक उत्सुक हैं। यही कारण है कि इस बार 1,13,073 के लक्ष्य के सापेक्ष 1,15,000 के करीब विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पंजीकरण किया है, जो लक्ष्य का 101.76 फीसदी है।
जिले में यूपी बोर्ड, आईसीएसई, सीबीएसई, मदरसा, बेसिक शिक्षा विभाग से संबद्ध करीब एक हजार से अधिक विद्यालय हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के नौवें संस्करण का आयोजन नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में प्रस्तावित है। कार्यक्रम में छठी से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थी, अभिभावक और शिक्षक भाग लेंगे। इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया 14 दिसंबर से 14 जनवरी तक चली। जिले को 1,13,073 पंजीयन का लक्ष्य दिया गया था। जिला विद्यालय निरीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि स्कूलों के प्रयास से इस बार पंजीकरण काफी बेहतर रहा। 100 फीसदी से अधिक नामांकन कर रिकाॅर्ड कायम किया है।
प्रतियोगिता के बाद होगा चयन
परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को इनोवेट इंडिया डॉट माईजीओवी डॉट इन डैश पीपीसी-2025 पर ऑनलाइन बहुविकल्पीय प्रश्न प्रतियोगिता कराई जाएगी। विजेता को विशेष रूप से डिजाइन किया हुआ प्रशंसा प्रमाणपत्र और विशेष परीक्षा पे चर्चा किट भी मिलेगी। विजेताओं में से कुछ विद्यार्थियों को सीधे प्रधानमंत्री के साथ संवाद और उनसे सवाल पूछने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा, विजेताओं को पीएम के साथ उनकी ऑटोग्राफ वाली तस्वीर की डिजिटल स्मारिका भी दी जाएगी।