अंबेडकरनगर। विद्युत वितरण खंड अकबरपुर के अंतर्गत शनिवार को शहजादपुर क्षेत्र में बिजली विभाग की टीम ने जांच अभियान चलाया। अधिशाषी अभियंता विद्युत विनय कुमार के नेतृत्व में चले जांच अभियान में टीम ने साढ़े आठ लाख रुपये के 40 बकायेदारों के कनेक्शन काट दिए। इसके अलावा अभियान के दौरान 70 बकायेदारों से टीम ने तीन लाख रुपये तक के बकाया बिल की वसूली की।
शासन ने इन दिनों बकायेदारों को राहत देने के लिए बकाया बिजली बिल का सरचार्ज माफ कर दिया है। ऐसे में बिजली विभाग की टीम ने बकाया वसूली करने व विद्युत चोरी को रोकने के लिए जांच अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को अकबरपुर नगर के शहजादपुर मोहल्ले में अधिशाषी अभियंता विनय कुमार के नेतृत्व में टीम ने जांच अभियान चलाया। इस दौरान 10 हजार से अधिक बिल बकायेदारों के घर व प्रतिष्ठान पर टीम पहुंची।
करीब साढ़े आठ लाख रुपये के 40 बकायेदारों का टीम ने कनेक्शन काट दिया। इसके अलावा 70 बकायेदारों से टीम ने तीन लाख रुपये तक की बिल वसूली की। अधिशाषी अभियंता ने बताया कि उपभोक्ताओं को लगातार बताया जा रहा है कि वह सरकार की एक मुश्त समाधान योजना का लाभ उठाएं। इसमें उपभोक्ताओं को सरचार्ज पर शत-प्रतिशत की छूट दी जा रही है। कहा कि यह अभियान आगे भी चलेगा। यदि कोई बकाया बिल के भुगतान में लापरवाही व बिजली की चोरी करेगा तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।