फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जिला अस्पताल में 12 दिन से डिजिटल एक्स-रे जांच ठप

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। डिजिटल एक्स-रे कराने के लिए यदि जिला अस्पताल जा रहे हैं, तो पहले जानकारी हासिल कर लें कि डिजिटल एक्स-रे का कार्य हो भी रहा है या नहीं। तकनीकी गड़बड़ी के चलते लगभग 12 दिन से जिला अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे का कार्य ठप पड़ा हुआ है। नतीजा यह है कि डिजिटल एक्स-रे के लिए मरीज तीमारदारों के साथ जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें मायूसी हाथ लग रही है। या तो वे सामान्य एक्स-रे से काम चला रहे हैं या फिर उन्हें निजी सेंटर पर अधिक राशि देकर डिजिटल एक्स-रे कराना पड़ रहा है। शनिवार को भी डिजिटल एक्स-रे का कार्य पूरी तरह से ठप रहा।
विज्ञापन

जिला अस्पताल में सुचारु रूप से विभिन्न जांच का कार्य नहीं हो पा रहा है। आए दिन तकनीकी गड़बड़ियों के चलते कभी सीटी स्कैन नहीं हो रहा है तो कभी एक्स-रे का कार्य ठप हो जाता है। ऐसे में विभिन्न प्रकार की जांच सस्ते में कराने की उम्मीद लगाकर जिला अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों व उनके तीमारदारों को अक्सर मायूस होकर लौटना पड़ता है। जिला अस्पताल में सुचारु रूप से विभिन्न प्रकार की जांच हो सके, इसे लेकर जिम्मेदार कितना गंभीर हैं, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि लगभग 12 दिन से डिजिटल एक्स-रे जांच का कार्य पूरी तरह से ठप पड़ा है। बताते चलें कि जिला अस्पताल में प्रतिदिन औसतन 30 मरीज डिजिटल एक्स-रे के लिए पहुंचते हैं।
शनिवार को भी डिजिटल एक्स-रे के लिए मरीजों का तीमारदारों के साथ जिला अस्पताल पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। लाइन में लगे भी, लेकिन बाद में पता चला कि अभी तकनीकी गड़बड़ी दूर नहीं हो सकी है। ऐसे में डिजिटल एक्स-रे नहीं हो सकेगा। नतीजा यह हुआ कि ज्यादातर मरीज मायूस होकर लौट गए, जबकि कुछ मरीजों ने सामान्य एक्स-रे से काम चलाया।
विज्ञापन

तीमारदारों ने जताई नाराजगी
बेवाना से आए तीमारदार राकेश कुमार व बसखारी के अशरफ ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि बड़ी उम्मीद के साथ डिजिटल एक्स-रे के लिए जिला अस्पताल आए थे, लेकिन यहां आने पर पता चला कि तकनीकी गड़बड़ी के चलते जांच का कार्य नहीं होगा। ऐसे में अब उन्हें निजी सेंटर पर जांच कराने को मजबूर होना पड़ रहा है। इसमें न सिर्फ उनका समय खराब हो रहा, बल्कि आर्थिक चपत भी लग रही है। नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि मरीजों के हित को देखते हुए जिम्मेदारों की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
शासन को भेजा गया पत्र
तकनीकी गड़बड़ी के चलते डिजिटल एक्स-रे का कार्य नहीं हो पा रहा है। गड़बड़ी को दूर करने के लिए शासन को पत्र भेजा गया है। शीघ्र ही गड़बड़ी दूर कर सुचारु रूप से जांच का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
विज्ञापन

-डॉ. ओमप्रकाश, सीएमएस
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें